दीर्घकालिक स्वास्थ्य पर निष्क्रिय जीवनशैली, अत्यधिक स्क्रीन टाइम, अनियमित खान-पान, अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों, अपर्याप्त नींद और लंबे समय तक रहने वाले तनाव के नकारात्मक प्रभावों

टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों को लगातार देखभाल और सहयोग की जरूरत

दिल्ली के अखिल भारतीय युर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. निखिल टंडन ने कहा कि टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों को केवल बीमारी का पता चलने के समय ही नहीं बल्कि इसके बाद भी लगातार सहयोग देने की जरूरत है ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी बीमारी का प्रबंधन कर सकें। डॉ. टंडन ने बताया, “इंसुलिन का सही प्रबंधन, नियमित रूप से रक्त में शर्करा के स्तर की जांच, पौष्टिक आहार और शारीरिक गतिविधियां रोजमर्रा की देखभाल के अहम हिस्से हैं।”

उन्होंने बताया कि उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन और परिवार तथा स्कूलों से मिलने वाले सहयोग की मदद से टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चे भी सक्रिय, स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकते हैं।
डॉ. टंडन एचआरआईडीएवाई (हृदय) की ओर से एम्स-दिल्ली के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘बियॉन्ड डायग्नोसिस : लिविंग वेल विद टाइप-1 डायबिटीज एट होम, इन स्कूल्स एंड कम्युनिटीज’ को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के दूसरे चरण के संचालन संबंधी दिशानिर्देशों 2026 में टाइप-1 मधुमेह की जांच को शामिल किए जाने को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया.
इन दिशानिर्देशों के तहत बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान, मौके पर ही रक्त में शर्करा के स्तर की जांच और मरीज को जिला अस्पतालों के गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक में भेजने का प्रावधान किया गया है.
दिशानिर्देशों में टाइप-1 मधुमेह के चार प्रमुख शुरुआती लक्षणों को ‘4टी’ के रूप में बताया गया है, इनमें बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास लगना, थकान महसूस होना और वजन कम होना (4Ts’: Toilet, Thirsty, Tired and Thinner) शामिल हैं.
इस पहल का विशेष महत्व है, क्योंकि बीमारी की समय रहते पहचान और जल्द इलाज मिलने से बच्चों एवं किशोरों को इस ऑटोइम्यून बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने तथा इससे होने वाली जटिलताओं से बचने में मदद मिल सकती है.

हृदय की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मोनिका अरोरा का कहना है कि हेल्दी हैबिट्स को बचपन से ही प्रोत्साहित करने की जरूरत है.  साथ ही उन्होंने कहा कि टाइप 1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को एक ऐसे सहयोगी माहौल की जरूरत है जहां डायबिटीज का प्रबंधन रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन सके. उन्होंने कहा, “दीर्घायु होने का अर्थ केवल जीवन में साल जोड़ना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि वे वर्ष अच्छे स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मविश्वास के साथ जिए जाएं।”

कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने स्कूलों में एक सुरक्षित और समावेशी वातावरण बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया, जहां बच्चे बिना किसी संकोच या भेदभाव के इंसुलिन ले सकें, ब्लड ग्लूकोज के स्तर की जांच कर सकें, शारीरिक गतिविधियों में भाग ले सकें और समय पर सहायता प्राप्त कर सकें। उन्होंने दीर्घकालिक स्वास्थ्य पर निष्क्रिय जीवनशैली, अत्यधिक स्क्रीन टाइम, अनियमित खान-पान, अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों, अपर्याप्त नींद और लंबे समय तक रहने वाले तनाव के नकारात्मक प्रभावों को भी रेखांकित किया।

इस कार्यक्रम में ‘ग्रासरूट्स टू ग्लोबल इंडिया इनिशिएटिव’ (Grassroots to Global India Initiative) को प्रदर्शित किया गया। ‘बियॉन्ड टाइप 1’ द्वारा समर्थित और सहयोगियों के साथ मिलकर ‘हृदय’ के नेतृत्व में चलाई जा रही यह पहल टाइप 1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता, क्षमता निर्माण, उपचार से जुड़ाव और समुदाय-आधारित सहायता पर केंद्रित है।

आयोजकों के अनुसार, यह पहल अपने पहले चरण में 14 लाख से अधिक लोगों तक पहुँची और दूसरे चरण में अब तक लगभग दो लाख लोगों तक पहुँच चुकी है। इसका ‘लिव्ड एक्सपीरियंस एंबेसडर’ (स्व-अनुभवी दूत) नेटवर्क 14 से बढ़कर 250 से अधिक हो गया है, जिसमें एक राष्ट्रीय और पाँच क्षेत्रीय समन्वयक जागरूकता अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

इस अवसर पर छात्रों के ई-पोस्टर का एक संकलन जारी किया गया और ‘विश्व मधुमेह दिवस 2026 पोस्टर प्रतियोगिता’ के तहत देश भर से प्राप्त 170 से अधिक प्रविष्टियों में से चुने गए 12 विजेताओं को सम्मानित किया गया.

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *