योग... ध्यान और खानपान... काबू में रहेगी आपकी भूलने की बीमारी

योग… ध्यान और खानपान… काबू में रहेगी आपकी भूलने की बीमारी

डॉ एस. के. उमराव

इस समय एक उम्र के बाद भूलने की बीमारी आम है. बुजुर्ग लोग खाना, शौच जाना, पेशाब करना भूल जाते हैं. उन्हें अक्सर यह भी पता नहीं चलता कि वह बिस्तर पर पेशाब कर रहे हैं या शौचालय में हैं. योग,  ध्यान और खानपान दुरुस्त करने से आपकी भूलने की बीमारी काबू में रहेगी.

क्या आप जानते हैं कि इसकी क्या वजह है? मनुष्य के मस्तिष्क में एमिलॉयड-बीटा  नामक विषाक्त प्रोटीन का जमाव अल्जाइमर रोग का प्रमुख कारण है. इससे हुए नुकसान को पूरी तरह ठीक करने की कोई दवा नहीं है, लेकिन कुछ शारीरिक गतिविधियों और प्रैक्टिस को बेहतर कर इसके दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है.

अल्जाइमर रोग (Alzheimer’s disease) से जुड़ा सबसे आम आनुवंशिक कारक APOE4 जीन वेरिएंट है. चिकित्सा शोधों के अनुसार  जिन लोगों में इस जीन की एक कॉपी होती है, उनमें डिमेंशिया (मनोभ्रंश) विकसित होने का जोखिम सामान्य लोगों की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक होता है. वहीं, जिन लोगों में इसकी दोनों कॉपी मौजूद होती हैं, उनमें यह जोखिम औसतन 12 गुना तक बढ़ जाता है.

शोधकर्ताओं के मुताबिक यह खतरा व्यक्ति की एथनिसिटी, लिंग और अन्य जीनों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है. इसके अलावा यह वेरिएंट अल्जाइमर के लक्षणों के समय से पहले शुरू होने से भी जुड़ा हुआ है.

दुनिया की लगभग 20 से 25 प्रतिशत आबादी में APOE4 जीन पाया जाता है. इस जीन की मौजूदगी का पता चलना किसी के लिए भी डरावना हो सकता है. न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ इस बात पर जोर देते हैं कि केवल इस जीन का होना, विशेष रूप से इसकी एक प्रति होना, इस बात की गारंटी नहीं है कि व्यक्ति को भविष्य में डिमेंशिया होगा ही.

प्रत्येक व्यक्ति को अपने माता-पिता से APOE जीन की दो कॉपी विरासत में मिलती हैं. एक मां से और एक पिता से. इस जीन के तीन मुख्य प्रकार होते हैं, जो अल्जाइमर के अलग-अलग जोखिम से जुड़े हैं. APOE2 से अल्जाइमर का खतरा कम होता है. APOE3 सबसे सामान्य प्रकार है और इसे जोखिम के लिहाज से तटस्थ माना जाता है. APOE4 अल्जाइमर के जोखिम को बढ़ाता है.

APOE जीन शरीर में एपोलिपोप्रोटीन ई नामक प्रोटीन का निर्माण करता है, जिसका मुख्य कार्य मस्तिष्क और शरीर के अन्य हिस्सों में कोलेस्ट्रॉल और अन्य वसा को पहुंचाना है. वैज्ञानिक अभी भी इसके सभी पहलुओं को पूरी तरह समझ नहीं पाए हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि इस प्रोटीन का E4 संस्करण मस्तिष्क की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को बाधित करता है. यह मस्तिष्क की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को प्रभावित करता है और एमिलॉयड-बीटा  नामक विषाक्त प्रोटीन की सफाई में बाधा डालता है. मस्तिष्क में इसी प्रोटीन का जमाव अल्जाइमर रोग का प्रमुख कारण बनता है.

यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया के केक स्कूल ऑफ मेडिसिन में न्यूरोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. हुसैन यासीन का कहना है कि जब लोगों को पता चलता है कि उनमें E4 वेरिएंट है, तो उन्हें लगता है कि अब सब खत्म हो गया है, लेकिन यह सच नहीं है.

शोध बताते हैं कि आप धूम्रपान करते हैं या नहीं, कितना व्यायाम करते हैं और क्या खाते हैं, ये जीवनशैली से जुड़े कारक APOE4 वाहकों के लिए डिमेंशिया के खतरे को कम करने में विशेष रूप से निर्णायक साबित होते हैं.

उमराव नेचुरोपैथी  में तमाम ऐसे मरीज आते हैं, जिन्हें भूलने की बीमारी लग चुकी होती है. स्वाभाविक है कि अगर 20 से 25 प्रतिशत आबादी में APOE4 जीन पाया जाता है, तो यह समस्या कॉमन है. आधुनिक रिसर्च से भी यह साफ हुआ है कि योग और खानपान से इस समस्या से निजात पाई जा सकती है.

यदि किसी व्यक्ति में APOE4 जीन है या शुरुआती लक्षण दिख रहे हैं, तो उसे किसी न्यूरोलॉजिस्ट की नियमित निगरानी में रहते हुए प्राकृतिक चिकित्सा की जीवनशैली, संतुलित आहार और योग को अपनाना चाहिए. आनुवंशिक संरचना हमारे नियंत्रण में नहीं है, लेकिन स्वस्थ दैनिक आदतों के माध्यम से हम अपने मस्तिष्क के भविष्य को काफी हद तक सुरक्षित रख सकते हैं.

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *