सत्येन्द्र पीएस
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्रों का वीडियो वायरल है, जिसमें सर झुकाए हुए बच्चे प्रणाम महोदय कहते हुए जा रहे हैं. इस पर लोगों की बड़ी तीखी प्रतिक्रिया आ रही है. लोगों को यह समझ लेने की जरूरत है कि रैगिंग और डिपीप्लीन में अंतर है… एमबीबीएस केवल शिक्षा नहीं, बल्कि एक कड़ा प्रशिक्षण है.
पहली बात तो यह है कि रैगिंग और डिसिप्लीन में अंतर समझने की जरूरत है. बच्चों के साथ दुर्व्यवहार, हिंसा, मानसिक शारीरिक उत्पीड़न रैगिंग की श्रेणी में आता है. बच्चों को लाइन लगवाना, सीनियर का सम्मान करने की ट्रेनिंग देना रैगिंग नहीं है.
यह भी सवाल उठता है कि यह प्रणाम महोदय कहलवाने की भी क्या जरूरत है? अन्य प्रोफेशन में ऐसा नहीं होता तब भी तो काम चल रहा है? तो पहले यह समझें कि मेडिकल प्रोफेशन अन्य से अलग है.
विभिन्न कल्चर के बच्चे आते हैं. पहले दिन तो उन्हे यहाँ तक नहीं पता होता है कि क्लास में टीचर्स का अभिवादन कैसे करना होता है, कैसे क्या करना है. तो यही इनके एक साल सीनियर वाले इन बच्चों को मैनर सिखाते हैं. कौन किताब कहाँ मिलेगी, यही बताते हैं. क्या पढ़ना है और कैसे पढ़ना है… आधे गाइड यही एक साल बड़े बच्चे होते हैं. कोई बच्चा mbbs सेकण्ड ईयर में चला गया है तो वह इन नवागंतुकों का कतई दुश्मन नहीं होता है.
मेडिकल कॉलेजों मे जितना डेसिप्लीन सिखाया जाता है, उतना ही बच्चों को ढीठ और बोल्ड भी बनाया जाता है. सेकण्ड ईयर का स्टूडेंट हड़कायेगा कि क्लास नहीं किया तो बेटा एग्जाम नहीं देने पाओगे. सेकण्ड ईयर वाला फर्स्ट ईयर वाले को बेटा कहता है, लड़की हो या लड़का. वहीं उसका जूनियर रेजिडेंट बतायेगा कि तुमको क्लास छोड़कर भागना हो तो समूह में भागना है. इसको mbbs कॉलेज में मास बंक कहा जाता है. और यह मास बंक फर्स्ट ईयर से ही शुरू करा देते हैं. अभी mbbs के फर्स्ट ईयर के हर कॉलेज मे स्टूडेंट ने दीवाली में मास बंक मारा होगा, घर में कोई बच्चा mbbs कर रहा हो तो पूछ लीजिए.
चार साल की पढ़ाई के बाद असल संघर्ष शुरू होता है जिंदगी का. पांचवे साल mbbs से लेकर जूनियर रेजिडेंट, सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को 24 घण्टे मे 18 घण्टे ड्यूटी करनी होती है. करीब 6 साल वह पागलों की तरह काम करते हैं. सरकारी अस्पताल में मरीजों का उत्पीड़न और उनकी गालियाँ सुनते हैं. और जब वह इतना करके बाहर प्राइवेट प्रेक्टिस करने निकलते हैं तो लोग सवाल करते हैं कि 500 रुपये फीस तो बहुत ज्यादा है!
अभी जरूरत यह है कि सरकारी अस्पताल ठीक करने के लिए दबाव बनाइये. Mbbs डॉक्टरों की सेहत की बहुत चिंता हो रही है तो अपनी सरकार पर दबाव बनाइये कि प्रशिक्षु डॉक्टरों को 18000 रुपये महीने देने का मजाक बन्द करे. जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को 50,000 रुपये महीने सेलरी देकर रोज 18 घण्टे काम कराने का उत्पीड़न बन्द करे. यहाँ आपकी मनुष्यता कहाँ मर जाती है? क्यों अपनी सरकार से नहीं पूछते हैं कि कोई बच्चा एक करोड़ रुपये में mbbs करेगा तो 40 हजार रुपये महीने में उसका परता कैसे बैठेगा!
अगर इन बच्चों को रफ टफ न बनाया जाएगा तो आप कल्पना भी नहीं कर सकते कि mbbs में पांचवें साल तक पहुँचने पर कितने बच्चे फांसी लगाकर मर जाएंगे.
तो बच्चों के अधिकार को लेकर आपको ज्यादा बुआ बनने की जरूरत नहीं है. यह सब इन बच्चों की यादें बन जाती हैं कि सीनियर का जूता देखकर उनका चेहरा कैसे पहचाना जाता है, 6 बटन वाली कोट से छोटी कोट में कैसे पहुँचा जाता है. दो चोटी बांधकर या दादी के जमाने का लाल रिबन बांधकर कैसा लगता है. आप किसी भी डॉक्टर से पूछे तो उसको कहीं से यह सब बुरा नहीं लगता. मेडिकल कॉलेज में सर्वे करा लीजिए. कहीं इस सब का कोई विरोध नहीं होता, कोई बुरा नहीं मानता. बाहरी लोग बुआ बनकर जरूर डिस्टर्ब करते हैं!
हास्टलों में हालत है कि पहले तो रूम सीनियर की जिम्मेदारी होती है कि वह अपने रूम जूनियर का खयाल रखे. रूम सीनियर का मतलब अगर कोई बच्चा mbbs पहले साल में फर्स्ट फ्लोर पर 101 नम्बर कमरा में रहता है तो वह mbbs सेकण्ड ईयर में उसी के उपर 201 नम्बर कमरे में जाता है. 201 नम्बर वाले का नैतिक दायित्व है कि वह 101 नम्बर कमरे में रहने वाले की सुख सुविधा का ख्याल रखे. एग्जाम के समय उसको बिस्कुट नमकीन केक गांजे रहे जिससे वह आराम से परीक्षा दे. उसके बाद टेरिटरी सीनियर होता है. जैसे कोई बच्चा गाजियाबाद का है तो गाजियाबाद या आसपास का कोई उसका सीनियर उसका टेरिटरी सीनियर हुआ. उसका नैतिक दायित्व है कि अगर कोई कल्चरल या भाषाई गैप आ रहा है तो वह मामले को सेटल करे.
यह हर मेडिकल कॉलेज में होता है. हां, कहीं कहीं प्रिंसिपल बहुत फ्रेंडली होते हैं तो बच्चों की सहूलियत वह पर्सनल लेवल पर देखते हैं. यहाँ देवरिया मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ रजनी पटेल फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट पर पढ़ाई के दौरान भी सीसीटीवी पर लगातार नजर रखती हैं. कैंपस के भीतर चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. हॉस्टल जाने वाले बच्चों के साथ सेक्योरिटी चलती है जैसा कि आपने केजीएमसी वाले वीडियो में भी देखा होगा. ऐसे में रैगिंग की संभावना शून्य ही होती है. और अगर कोई शिकायत आ जाए तो वार्डन ही एमबीबीएस सेकण्ड ईयर बच्चों को उल्टा लटका देते हैं. वह अलग दौर था, जब जूनियर छात्र हिंसा के शिकार हो जाते थे.
हाँ, अगर कहीं सही में उत्पीड़न का मामला आये तो उसका सख्त विरोध किया जाना चाहिए. लेकिन डॉक्टरों के फर्जी हितैषी न बनें, जहाँ वह तबाह हैं परेशान किये जा रहे हैं, वहाँ आप अपनी सरकार पर दबाव बनाएं कि वह व्यवस्था ठीक करे.
MBBS पढ़ाई के साथ एक सख्त प्रशिक्षण भी है, इसे गंभीरता से समझने की जरूरत है.

