संवाददाता
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में अपने पहले बच्चे को खोने का गहरा दर्द पहली बार सार्वजनिक रूप से साझा किया है। इस मुश्किल दौर में एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में प्रकाशित एक लेख ने उनके घावों को और गहरा कर दिया। लेख में कथित तौर पर कहा गया था कि इंदिरा गांधी एक ”नाजायज बच्चे की दादी” बनने में नाकाम रही हैं। सोनिया ने लिखा कि इन शब्दों ने उनके दिल पर गहरा जख्म छोड़ा। उन्हें समझ नहीं आया कि किसी के साथ इतनी क्रूरता कैसे की जा सकती है।
उन्होंने बताया है कि जनवरी, 1969 में समय से दो महीने पहले जन्मे उनके बेटे की महज एक दिन बाद मौत हो गई थी। नवजात को उनके पति राजीव गांधी और देवर संजय गांधी ने दिल्ली के महरौली स्थित उनके ससुर फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाया था।
इसमें सोनिया ने 18 जनवरी, 1969 को बेटे के जन्म और उसके अगले दिन हुई मौत से जुड़ी भावनात्मक स्मृतियों को विस्तार से साझा किया है।
सोनिया लिखती हैं कि सितंबर, 1968 की एक सुबह उनके गर्भवती होने की खबर से गांधी परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई थी। आमतौर पर गंभीर रहने वाली इंदिरा गांधी ने उन्हें गले लगाया, चूमा और खुशी से कहा, ”एक बड़ा बच्चा, एक और बच्चे को जन्म देने वाला है!”
हालांकि, परिवार की यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। सोनिया ने सामान्य प्रसव के जरिए निर्धारित समय से करीब दो महीने पहले बेटे को जन्म दिया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने बच्चे की पहली आवाज सुनी, जब उसे इनक्यूबेटर में रखा जा रहा था। बाद में राजीव उन्हें बच्चे को दिखाने ले गए। वह घने काले बालों और लंबी, पतली उंगलियों वाला बेहद छोटा, लेकिन पूरी तरह विकसित बच्चा था।
उन्होंने लिखा, ”हम दोनों उसे देखते रहे। राजीव का हाथ मेरे कंधे पर था। हमें उससे पहली ही नजर में प्यार हो गया था।”
हालांकि, चिकित्सकों ने बच्चे के बचने को लेकर आशंका जताई थी। सोनिया के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े छह बजे राजीव ने उन्हें बेहद दुखद खबर दी कि बच्चा नहीं रहा। उन्होंने लिखा, ”मैं बार-बार पूछती रही, नहीं, ऐसा संभव नहीं है! क्यों, क्यों? हम दोनों सदमे में थे और टूट चुके थे। हमने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया। मैं फूट-फूटकर रोई और राजीव भी खूब रोए।”
इंदिरा गांधी उस समय शहर से बाहर थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उन्होंने अपना दौरा बीच में छोड़ दिया और अस्पताल पहुंचीं। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा ने उन्हें गले लगाया। उनकी आंखें भी लाल और सूजी हुई थीं। वह काफी देर तक उनके साथ बैठी रहीं।
इसके बाद बच्चे के अंतिम संस्कार को लेकर परिवार के सामने मुश्किल खड़ी हो गई। सोनिया के मुताबिक, हिंदू परंपरा में नवजात शिशु का दाह संस्कार नहीं किया जाता, बल्कि उसे नदी में प्रवाहित करने की परंपरा है। ईसाई और पारसी कब्रिस्तानों में भी उसे दफनाना संभव नहीं था।
सोनिया ने लिखा कि नदी में बच्चे को प्रवाहित करने का विचार उन्हें असहनीय लगा। उन्हें ओखला बैराज में एक शव का दृश्य याद आ गया था, जिसे कूड़े के ढेर के पास आवारा कुत्ते नोच रहे थे।
उन्होंने लिखा, ”मैंने कहा, नहीं! चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं बहाने दूंगी।” उनके लिए यह कल्पना भी असहनीय थी कि जीवन का अवसर खो चुके उनके नन्हे बच्चे के साथ ऐसा किया जाए।
आखिरकार, बच्चे को महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला किया गया।
सोनिया के अनुसार, राजीव और संजय ने गुलाबी बोगनवेलिया की एक खूबसूरत झाड़ी के नीचे, चारदीवारी के भीतर बाईं ओर गहरी कब्र खोदकर बच्चे को दफनाया। उन्होंने लिखा कि लंबे समय तक जब भी वे वहां जाते, उस जगह पर एक फूल रखकर आते थे।
सोनिया ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें कोई खास परेशानी नहीं थी। इंदिरा गांधी उनके खानपान, सैर और व्यायाम का ध्यान रखती थीं। हालांकि, बच्चे को खोने के बाद वह लंबे समय तक अवसाद, हीनभावना और अपराधबोध से जूझती रहीं।
समय के साथ दुख का बादल धीरे-धीरे छंटने लगा। अक्टूबर, 1969 में सोनिया ने राजीव को दोबारा गर्भवती होने की खबर दी। वह खुश तो थीं, लेकिन मन में आशंका भी थी। इसके बाद 19 जून, 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया।
दो बार दी कैंसर को मात
सोनिया गांधी ने दो बार कैंसर से जूझने के अनुभव साझा करते हुए कहा है कि वर्ष 2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते उनका ऑपरेशन हुआ था और इसके करीब एक साल बाद अग्न्याशय में एक गांठ का पता चला था।
उनका यह भी कहना है कि दोनों मौकों पर वह बीमारी के संभावित गंभीर नतीजों को लेकर घबरा गई थीं और उनके मन में कई आशंकाएं थीं।
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है, ”2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते मुझे ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई थी। सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर मुझे पूरा भरोसा था। फिर भी मैं घबरा गई थी और चिंतित थी। मुझे और मेरे बच्चों को बताया गया था कि समय गंवाने की गुंजाइश नहीं है और मेरे मन में संभावित भयावह नतीजे को लेकर तरह-तरह के विचार आने लगे थे।”
कांग्रेस नेता ने मीडिया के उनकी निजता में दखल देने की आशंका के चलते मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में इलाज कराने का विकल्प छोड़ दिया और मिलान (इटली) के बाहर स्थित ‘यूरोपियन इंस्टिट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी’ में ऑपरेशन कराने का फैसला किया।
उन्होंने लिखा, ”मैंने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को गोपनीय रखने की कोशिश की थी और अपनी बीमारी के बारे में मीडिया में चर्चा होने का विचार भी मुझे पीड़ादायक लगता था, बल्कि इससे मुझे गुस्सा आता था। यह सही है कि मैं एक सार्वजनिक हस्ती बन गई थी, लेकिन क्या इसका मतलब यह था कि मुझे थोड़ी-सी भी निजता का अधिकार नहीं मिलना चाहिए?”
पुस्तक के अनुसार, एक वरिष्ठ अधिकारी, राहुल, प्रियंका और उनके पति रॉबर्ट वाद्रा तथा अपनी बहनों नादिया और अनुष्का के साथ सोनिया ने जाने-माने सर्जन डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में ऑपरेशन कराया।
सोनिया गांधी लिखती हैं, ”ऑपरेशन के दिन जब मुझे ऑपरेशन थिएटर ले जाया जा रहा था, तब राहुल और प्रियंका ने मेरा हाथ थामा और मेरे माथे को चूमकर भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा।”
उन्होंने लिखा, ”डॉक्टर ने दो ट्यूमर निकाले। इनमें एक ऐसा ट्यूमर भी था जिसमें कैंसर की आशंका नहीं थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी निकाल दिया गया। उन्होंने ऑपरेशन के दौरान ही रेडिएशन उपचार किया, जिससे मुझे पांच सप्ताह तक रेडियोथेरेपी कराने से राहत मिली।”
अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर कम ही बात करने वाली सोनिया ने बताया कि ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने में करीब एक साल लगने के पश्चात नियमित जांच के दौरान उनके अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में एक और गांठ का पता चला।
उन्होंने लिखा, ”यह मेरे और बच्चों के लिए सदमे जैसा था। हमने तुरंत सोचा कि कहीं पहले वाली बीमारी फिर से तो नहीं उभर आई है। कई डॉक्टरों से परामर्श के बाद चिकित्सकों को लगा कि मुझे तत्काल ऑपरेशन की जरूरत है। शुरुआत में ट्यूमर के न्यूरोएंडोक्राइन होने की आशंका जताई गई थी। इसका मतलब था कि ऑपरेशन लंबा चलेगा और अस्पताल में भी काफी समय तक रहना पड़ सकता है।”
इस बार उन्हें रॉटरडैम (नीदरलैंड) स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां अग्न्याशय के जाने-माने सर्जन डॉ. कैस्पर वान आइक ने उनका इलाज किया।
उन्होंने लिखा, ”सबके आश्वासन के बावजूद मैं ऑपरेशन को लेकर बेचैन और चिंतित थी, क्योंकि बीमारी की वास्तविक स्थिति का पता ऑपरेशन के बाद ही चल सकता था। मेरा मन सबसे बुरे नतीजे के बारे में सोचने लगा था। अगर यह कैंसर का फैला हुआ ट्यूमर निकला तो क्या होगा? क्या मैं इससे उबर पाऊंगी?”
वह बिना किसी को बताए ऑपरेशन के लिए रवाना हुईं। इसकी जानकारी केवल तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों को थी।
ऑपरेशन के बाद डॉ. वान आइक ने उन्हें बताया कि ”मैं भाग्यशाली थी कि ट्यूमर कैंसर-पूर्व की शुरुआती अवस्था में था और समय रहते उसका पता चल गया था।”
इसके कुछ साल बाद अगस्त, 2016 में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विधानसभा चुनाव की एक रैली के दौरान उन्हें एक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने लिखा, ”सड़क के दोनों ओर उत्साहित भीड़ जमा थी, जो कांग्रेस के समर्थन में नारे लगा रही थी। लेकिन काफिला पांच घंटे तक चलता रहा और लगातार बढ़ती थकान मुझ पर हावी हो गई। मैं बेहोश होकर गिर पड़ी और मुझे विमान से दिल्ली लाया गया।”
होश आने और फिर बेहोश होने के बीच ”मैंने राजीव को देखा, जो मेरी ओर हाथ बढ़ा रहे थे और आश्वस्त करने वाली मुस्कान के साथ मुझे देख रहे थे, मानो कह रहे हों कि सब ठीक हो जाएगा।”
सोनिया गांधी ने याद किया, ”शीला दीक्षित पूरे समय मेरे पास थीं। उन्होंने बाद में मुझे बताया कि विमान के सफर के दौरान अचानक मेरे चेहरे पर मुस्कान आ गई थी। मुझे यकीन है कि वह वही क्षण रहा होगा। लेकिन गिरने से मेरे कंधे में गंभीर चोट आई थी और एक बार फिर ऑपरेशन कराना पड़ा।”
हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित 526 पन्नों की इस पुस्तक में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पड़ावों का वर्णन है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में उनका विवाह, उनके पति राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश का जिक्र है।

