केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व प्रमुख एम. नागेश्वर राव की पार्टी ‘सर्वजन सनातन पार्टी‘ उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगी और पार्टी ने चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं. एक आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने जननीति भारत पार्टी बनाकर चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है. इस पार्टी और इसके मकसद को पढ़कर यही कहा जा सकता है कि एक से बढ़कर एक बागड़बिल्ले अधिकारी हैं, जो योगी मोदी की राजनीतिक सफलता को देखते हुए नेता बनने के सपने पाले हुए हैं.
हैदराबाद में रहने वाले सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी राव करीब एक महीने पहले काशी में गंगा के तट पर बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वजन सनातन पार्टी में शामिल हुए थे. उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया के पहले चरण की शुरुआत कर रही है.
राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. राव ने ‘एक्स’ पर कहा, ”यह आवेदन केवल पहले चरण में प्रारंभिक छंटनी के लिए है. प्रारंभिक तौर पर उपयुक्त पाए जाने वाले आवेदकों से दूसरे चरण में विस्तृत जानकारी और जरूरी दस्तावेज मांगे जाएंगे.”
आवेदन आमंत्रित करने संबंधी सूचना में बताया गया कि उम्मीदवारों को सर्वजन सनातन पार्टी की विचारधारा, मूल उद्देश्यों और नीतियों में विश्वास होना चाहिए तथा उनके अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए.
पार्टी में शामिल होने के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार, आवेदक भारतीय नागरिक होने चाहिए, उनका नाम उत्तर प्रदेश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए और नामांकन पत्रों की जांच की तारीख तक उनकी उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए.
सर्वजन सनातन पार्टी का गठन सीबीआई (CBI) के पूर्व अंतरिम निदेशक और 1986 बैच के पूर्व IPS अधिकारी एम. नागेश्वर राव (M. Nageswara Rao) ने किया था. वह इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, पार्टी की औपचारिक घोषणा अक्टूबर 2026 में वाराणसी (काशी), उत्तर प्रदेश से की गई.
पार्टी का मकसद और विचारधारा
पार्टी का मूल मंत्र “सत्य सनातन, नित्य नूतन” है। एम. नागेश्वर राव के अनुसार, सनातन का तात्पर्य केवल पूजा-पाठ या धार्मिक कर्मकांड से नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय, करुणा और जनकल्याण से है.
पार्टी के प्रमुख उद्देश्य
- सभ्यतागत जड़ों के साथ आधुनिक विकास: भारत को तकनीकी और आर्थिक रूप से आधुनिक बनाना, लेकिन देश की सांस्कृतिक और सभ्यतागत जड़ों को सुरक्षित रखते हुए,
- मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य: देश के सभी नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना.
- रोजगारपरक शिक्षा: शिक्षा प्रणाली में सुधार करना ताकि पढ़ाई पूरी होने के बाद युवाओं को आजीविका और रोजगार के अवसर मिल सकें.
- सांस्कृतिक व सामाजिक सामंजस्य: किसी जाति, धर्म या समुदाय का विरोध किए बिना समाज के सभी वर्गों के जनकल्याण के लिए काम करना.
- सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण: मंदिरों और तीर्थस्थलों को प्रशासनिक और सामाजिक रूप से जीवंत संस्थाओं के रूप में पारदर्शी व्यवस्था के साथ संचालित करना.

