अलोकतांत्रिक और तानाशाही वाली सरकारों का पहला निशाना स्वतंत्र अखबार और मीडिया होती है. रूस में लंबे समय से सत्ता पर काबिज ब्लादीमीर पुतिन के नेतृत्व वाली कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार स्वतंत्र विचारों की कब्रगाह बन चुके हैं. रूस के सबसे प्रतिष्ठित स्वतंत्र समाचार पत्र ‘नोवाया गजेटा’ ने सरकारी अधिकारियों के लगातार दबाव का हवाला देते हुए सोमवार को मॉस्को स्थित अपना कार्यालय बंद कर दिया.
यह रूसी राष्ट्रपति कार्यालय सह आवास ‘क्रेमलिन’ के प्रति आलोचनात्मक खबरें प्रकाशित करने वाला आखिरी प्रमुख स्वतंत्र मीडिया संस्थान था. राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन द्वारा फरवरी 2022 में यूक्रेन में सैनिक भेजे जाने के बाद अन्य स्वतंत्र मीडिया संस्थानों ने या तो अपना कामकाज बंद कर दिया था या विदेशों से अपना संचालन शुरू किया.
समाचार पत्र ने 30 अक्टूबर को जारी एक बयान में कहा था कि रूसी अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने ”हमारे संपादकीय दल को कामकाज बंद करने के लिए मजबूर किया है.” समाचार पत्र की ओर से कहा गया है, ”इस देश में मानवाधिकारों और स्वतंत्रता को समाप्त कर दिया गया है और अब उनकी रक्षा करना अपराध माना जाता है. चुनाव और निर्वाचित शासी निकायों को प्रभावी रूप से खत्म कर दिया गया है, नागरिक समाज का सफाया कर दिया गया है तथा विवेक की स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा को कुचल दिया गया है.”
वर्ष 1993 में शुरू किया गया ‘नोवाया गजेटा’ अपनी बेबाक पत्रकारिता और रूस में मानवाधिकारों के उल्लंघन तथा भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए जाना जाता है. इसके छह पत्रकारों की हत्या की जा चुकी है. इनमें अन्ना पोलितकोव्स्काया भी शामिल थीं, जिन्होंने राष्ट्रपति के रूप में पुतिन के पहले कार्यकाल की शुरुआत में दूसरे चेचन युद्ध के दौरान अत्याचारों की खबरें दी थीं. वर्ष 2006 में उन्हें उनके ही अपार्टमेंट की इमारत में गोली मार दी गई थी.
सोमवार को समाचार पत्र के कार्यालय में कामकाज के आखिरी दिन पत्रकारों ने दीवार से अपने उन दिवंगत सहयोगियों की तस्वीरें उतारीं, जिन्हें समाचार कक्ष में लगाया गया था. इसी समाचार कक्ष में संवाददाता और संपादक अपनी खबरों की योजना बनाते थे.
‘नोवाया गजेटा’ में संपादक तातियाना ब्रित्स्काया ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से उन्हें लगभग हर दिन इस समाचार पत्र के बंद होने की आशंका रहती थी. इससे पहले रूसी सशस्त्र बलों को बदनाम करने के आरोप में अखबार पर जुर्माना लगाया गया था और उसे विदेशी एजेंट भी घोषित कर दिया गया था.इसके बाद अंतिम झटका देते हुए समाचार पत्र को मॉस्को स्थित अपना कार्यालय खाली करने का आदेश दिया गया.
रूस में राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन के सत्ता में आने के बाद से, और विशेष रूप से फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद, सैकड़ों समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, डिजिटल मीडिया पोर्टलों और रेडियो स्टेशनों को बंद कराया गया, प्रतिबंधित किया गया या देश छोड़ने पर मजबूर किया गया है.
रूस में बंद और प्रतिबंधित हुए प्रमुख स्वतंत्र मीडिया संस्थान
पिछले दो दशकों में दर्जनों समाचार पत्रों और सैकड़ों मीडिया संस्थानों को सरकारी दबाव में बंद या सेंसर किया गया:
- नोवाया गजेटा (Novaya Gazeta): 1993 में सोवियत संघ के अंतिम नेता मिखाइल गोर्बाचेव के सहयोग से स्थापित इस अखबार ने भ्रष्टाचार, मानवाधिकार उल्लंघनों और चेचन्या युद्ध पर निर्भीक रिपोर्टिंग की. इसके मुख्य संपादक दिमित्री मुरातोव को 2021 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. सरकारी दबाव, वित्तीय प्रतिबंधों और पत्रकारों पर जानलेवा हमलों के कारण इसे अपने मॉस्को कार्यालय के संचालन को पूरी तरह समाप्त करना पड़ा.
- इको मॉस्को (Echo of Moscow / Ekho Moskvy): 1990 से कार्यरत यह रूस का सबसे प्रसिद्ध स्वतंत्र रेडियो स्टेशन और समाचार मंच था, 2022 में यूक्रेन युद्ध के शुरुआती दिनों में निष्पक्ष रिपोर्टिंग के कारण सरकार ने इसका प्रसारण रोक दिया और इसके बोर्ड को बोर्ड-ऑफ़-डायरेक्टर्स भंग कर इसे बंद करने पर मजबूर किया.
- डोझद टीवी / टीवी रेन (TV Rain / Dozhd): रूस का एकमात्र स्वतंत्र टीवी चैनल, जिसने 2021 में ‘विदेशी एजेंट’ घोषित किए जाने और 2022 में सैन्य प्रतिबंधों के बाद रूस में अपना प्रसारण पूरी तरह बंद कर दिया.
- मेदुज़ा (Meduza) और प्रोएक्ट (Proekt): रूस के प्रमुख खोजपरक (investigative) डिजिटल समाचार पत्र। इन्हें सरकार द्वारा ‘अवांछनीय संगठन’ (Undesirable Organization) और ‘विदेशी एजेंट’ घोषित कर देश के भीतर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया.
- द मॉस्को टाइम्स (The Moscow Times – रूसी व अंग्रेजी संस्करण): रूस का प्रमुख द्विभाषी समाचार पत्र, जिसके प्रिंट संस्करण को बंद करना पड़ा और इसकी वेबसाइट को रूस के भीतर ब्लॉक कर दिया गया.
- वेदोमोस्ती (Vedomosti) और कोमर्सेंट (Kommersant): ये देश के शीर्ष वित्तीय और राजनीतिक दैनिक समाचार पत्र थे. सरकारी दबाव और अधिग्रहण के माध्यम से इनके संपादकीय नियंत्रण को क्रेमलिन-समर्थित उद्योगपतियों को सौंप दिया गया, जिससे इनकी स्वतंत्रता समाप्त हो गई.

