इतिहास में 14 नवंबर की तारीख देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है. इस दिन को ‘बाल दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है. भारत में हर साल 14 नवंबर को राष्ट्रीय बाल दिवस मनाने की आधिकारिक घोषणा वर्ष 1964 में हुई थी. 27 मई 1964 को पंडित जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद, उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय संसद में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर उनकी जयंती को ‘बाल दिवस’ घोषित किया गया. 1964 से पहले भारत में संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित तारीख यानी 20 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता था.
उत्तर प्रदेश के तत्कालीन इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में 14 नवंबर 1889 को जन्मे जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था और बच्चे उन्हें ”चाचा नेहरू” कहकर पुकारते थे.
अन्य कई देश संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुरूप 20 नवंबर को बाल दिवस मनाते हैं. इसकी शुरुआत 1954 में ‘सार्वभौमिक बाल दिवस’ (Universal Children’s Day) के रूप में की गई थी. इसका उद्देश्य दुनिया भर के बच्चों के बीच आपसी समझ और एकजुटता बढ़ाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों के कल्याण (शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा) को बढ़ावा देना है. 20 नवंबर 1959 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ‘बाल अधिकारों की घोषणा’ को अपनाया था. 20 नवंबर 1989 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ‘बाल अधिकारों पर कन्वेंशन’ को पारित किया था, जो बच्चों के नागरिक, राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा करने वाली सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय संधि है.

